पंजाब।
उत्तर भारत में छाए घने कोहरे ने एक बार फिर जान ले ली। पंजाब में घनी धुंध के चलते एंबुलेंस भीषण हादसे का शिकार हो गई, जिसमें पंजाब पुलिस के एडिशनल SHO की दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, गुरदासपुर जिले के धारीवाल थाना में तैनात एडिशनल SHO की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें इलाज के लिए एंबुलेंस से अमृतसर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान नेशनल हाईवे पर घना कोहरा छाया हुआ था और विजिबिलिटी बेहद कम थी।
कोहरे के कारण एंबुलेंस चालक को सामने का रास्ता साफ नजर नहीं आया और वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा इतना भीषण था कि एडिशनल SHO ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
इस हादसे में एंबुलेंस चालक और अन्य सवार लोग भी गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर है। वहीं, लगातार बढ़ रहे कोहरे के कारण प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बेहद जरूरी होने पर ही यात्रा करें और वाहन धीमी गति से चलाएं।
