युवाओं की जिंदगी से खिलवाड़: ऊना में मेडिकल स्टोर की आड़ में नशा बेचता पकड़ा गया दवा विक्रेता

 


 










ऊना में मेडिकल स्टोर की आड़ में नशे का बड़ा खेल, दवा विक्रेता के घर से 24 लाख नकद और 2320 ट्रामाडोल गोलियां बरामद


ऊना | 

हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच ऊना जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां नशा तस्करों के साथ-साथ अब मेडिकल स्टोर संचालकों की भूमिका भी शक के घेरे में आने लगी है। मुनाफे के लालच में कुछ लोग दवाइयों की आड़ में नशीली गोलियों का अवैध कारोबार कर रहे हैं और युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रहे हैं।


ताजा मामला ऊना जिला के अंब क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक दवा विक्रेता के घर से लाखों रुपये की नकदी और हजारों नशीली गोलियां बरामद की हैं।


दुकान से खाली हाथ, घर से खुला राज


पुलिस ने वार्ड नंबर-3 अंब निवासी दवा विक्रेता के ठिकानों पर दबिश दी। पहले आरोपी की मेडिकल दुकान की तलाशी ली गई, लेकिन वहां से कोई खास बरामदगी नहीं हुई। इसके बाद जब पुलिस टीम आरोपी के घर पहुंची तो पूरा मामला ही पलट गया।

घर की अलमारी से लिफाफों में छिपाकर रखी गई 24 लाख 34 हजार 540 रुपये की नकदी और 2320 ट्रामाडोल की गोलियां बरामद की गईं।


छह घंटे चली गिनती, पुलिस भी रह गई हैरान


बरामद नकदी की मात्रा इतनी अधिक थी कि पुलिस को नोटों की गिनती और कानूनी कार्रवाई पूरी करने में करीब छह घंटे का समय लग गया। यह बरामदगी जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है।


आरोपी हिरासत में, NDPS एक्ट के तहत केस


पुलिस ने आरोपी अंकुश (33) को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी का मेडिकल स्टोर उसके घर के पास ही रेस्ट हाउस के सामने स्थित है, जबकि उसके पिता स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की तैयारी की जा रही है।


बड़े नेटवर्क की आशंका


मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इतनी बड़ी मात्रा में नकदी और नशीली गोलियों की बरामदगी इस बात की ओर इशारा करती है कि आरोपी अकेला नहीं है। पुलिस को शक है कि इसके तार किसी बड़े नशीली दवाइयों के नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं।

पुलिस अब यह जांच कर रही है कि नशीली गोलियों की सप्लाई कहां से हो रही थी और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।


पहले भी रहा है अंब नशा तस्करों के निशाने पर


पुलिस का कहना है कि अंब क्षेत्र में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले भी यहां भारी मात्रा में चरस बरामद की जा चुकी है, जिससे साफ है कि यह इलाका लंबे समय से नशा तस्करों के निशाने पर रहा है।

#UTHimachal
#UnaNews
#UnaPolice
#HimachalCrime
#DrugFreeHimachal
#MedicalStoreScam
#NDPSAct
#DrugRacket
#TramadolCase
#HimachalPolice
#NashaMuktHimachal
#CrimeNews
#LatestHimachalNews

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form