नशा मुक्त हिमाचल अभियान के तहत देहरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2.56 ग्राम चिट्टा बरामद
देहरा।
मुख्यमंत्री द्वारा शुरू किए गए नशा मुक्त हिमाचल अभियान के तहत पुलिस जिला देहरा नशे के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में देहरा पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना मोईन की पुलिस टीम ने गश्त के दौरान एक युवक को चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना मोईन की टीम अपने क्षेत्राधिकार में बग्गी नामक स्थान के समीप नियमित गश्त पर थी। इस दौरान एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं, जिसे जांच के लिए रोका गया। पूछताछ व तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 2.56 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संतोष कुमार (30 वर्ष) पुत्र रवि दत्त शर्मा, निवासी गांव तरकेड़ी, डाकघर सुधियाल, तहसील नादौन, जिला हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया।
इस संबंध में पुलिस थाना मोईन में आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की गहनता से जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी नशीला पदार्थ कहां से लाया था तथा इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क की संलिप्तता तो नहीं है।
पुलिस जिला देहरा ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ अभियान को भविष्य में भी पूरी सख्ती और गंभीरता के साथ जारी रखा जाएगा। जिला पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि उन्हें नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या पुलिस को सूचित करें।
पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ यह लड़ाई समाज के सहयोग से ही सफल हो सकती है और प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही हिमाचल को नशा मुक्त बनाया जा सकता है।
#UTHimachal
#NashaMuktHimachal
#DehraPolice
#ChittaCase
#NDPSAct
#DrugFreeHimachal
#HimachalPolice
#CrimeNews
#HamirpurNews
