चंबा में 5.89 ग्राम चिट्टा बरामद, एसआईयू की नाकाबंदी में दो युवक गिरफ्तार
चंबा जिला में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसआईयू पुलिस टीम को एक अहम सफलता हाथ लगी है। जानकारी के अनुसार, आज तड़के चंबा–जोत मार्ग पर हनुमान मंदिर पुल के समीप नाकाबंदी के दौरान केटीएम बाइक (HP-48B-8124) सवार दो युवकों से 5.89 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) कथित तौर पर बरामद की गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, नाकाबंदी के दौरान पुलिस को देखकर दोनों युवक घबरा गए और संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। शक के आधार पर की गई तलाशी में नशीला पदार्थ बरामद होने के बाद दोनों को मौके पर ही हिरासत में लिया गया। इसके बाद पुलिस थाना सदर, चंबा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कपिल शर्मा (26), निवासी मेहला, वर्तमान में DIET सरू में ए.पी. क्लर्क के पद पर तैनात, तथा ऋतिक ठाकुर (29), निवासी मेहला के रूप में हुई है।
पुलिस अब इस मामले में नशे के स्रोत और संभावित नेटवर्क को लेकर गहन जांच कर रही है। एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान पूरी सख्ती से जारी रहेगा और गिरफ्तार आरोपियों को नियमानुसार अदालत में पेश किया जाएगा।
#Chamba #ChambaDistrict #HimachalPradesh #HimachalNews #NDPSAct #DrugFreeHimachal #AntiDrugCampaign #PoliceAction #SIUPolice #Dalhousie
