चमुखा नाके पर पुलिस की कार्रवाई, सुंदरनगर में 6 ग्राम चिट्टा के साथ युवक गिरफ्तार
सुंदरनगर, मंडी।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुंदरनगर पुलिस को चमुखा फोरलेन पर नाकाबंदी के दौरान सफलता हाथ लगी है। पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम ने 6 ग्राम चिट्टा के साथ सुंदरनगर क्षेत्र के एक युवक को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम द्वारा एएसआई दौलत राम के नेतृत्व में की गई। नाकाबंदी के दौरान मुख्य आरक्षी हंस राज सैनी, आरक्षी सतीश कुमार तथा महिला आरक्षी रीमा मौके पर मौजूद थे। इसी दौरान बिलासपुर की ओर से आ रही एक कार को जांच के लिए रोका गया।
पुलिस के अनुसार वाहन चालक कागजात दिखाने के दौरान घबराया हुआ नजर आया और टालमटोल करने लगा, जिससे संदेह गहरा गया। इसके बाद वाहन की गहन तलाशी ली गई, जिसमें कार के डैशबोर्ड में रखी सिगरेट की डिब्बी से 6 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान इमरान खान उर्फ लाडी पुत्र स्वर्गीय अरशद खान, निवासी ग्राम व डाकघर चतरोखरी, तहसील सुंदरनगर, जिला मंडी, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी कथित तौर पर लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था।
पुलिस थाना सुंदरनगर में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगामी जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।
#Sundernagar #Mandi #HimachalPradesh #HimachalPolice #PS_Sundernagar #SDPO_Sundernagar #SP_Mandi #DrugFreeHimachal #NDPSAct #UT_Himachal
