ऊना बहडाला 7 खैर पेड़ों की अवैध कटाई, 3 आरोपी रंगे हाथ पकड़े गए

जिला ऊना के बहडाला गांव में वन विभाग ने अवैध खैर कटान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को मौके पर ही पकड़ लिया। यह कार्रवाई सरकारी भूमि पर अवैध रूप से खैर के पेड़ काटने की सूचना मिलने पर की गई।

वन विभाग की टीम, जिसमें वन रक्षक कुमारी आरती, वनगढ़ बीट प्रभारी नवीन कुमार, वन मित्र रविंदर कुमार और ब्लॉक ऑफिसर संतोषगढ़ प्रदीप सिंह शामिल थे, ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान नितीश, अक्षय और जंग बहादुर, निवासी गांव बहडाला के रूप में हुई है।








मौके से बैटरियों से चलने वाला बिजली का आरा भी बरामद किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपियों द्वारा मौके पर ही 7 खैर के पेड़ों को काटा गया था और उनकी लकड़ी भी वहीं पड़ी मिली। वन विभाग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है।

अधिकारियों के अनुसार यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों द्वारा इससे पहले भी कहीं अन्य स्थानों पर अवैध कटाई की गई है या नहीं। विभाग ने आरोपियों के खिलाफ सरकारी भूमि से अवैध रूप से पेड़ काटने के आरोप में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

वन विभाग की इस सख्त कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध कटान करने वालों में भय का माहौल देखा जा रहा है।

#Una #HimachalPradesh #ForestDepartment #IllegalCutting #KhairWood #CrimeNews #HimachalNews #UTHimachal







नोट:हम आपको आपके आसपास की ताज़ा, सटीक और विश्वसनीय खबरों से अवगत कराते हैं। यदि आपके पास भी अपने क्षेत्र से जुड़ी कोई महत्वपूर्ण खबर है और आपको लगता है कि वह मीडिया में आनी चाहिए, तो आप हमें अवश्य भेजें। आप ईमेल या फेसबुक के माध्यम से हमें अपनी न्यूज़ भेज सकते हैं। आपकी भेजी गई खबर आपके नाम से प्रकाशित की जाएगी