कुल्लू: नशा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, आदतन आरोपी PIT-NDPS के तहत हिरासत में
कुल्लू।
नशा तस्करों के खिलाफ अपनी मुहिम को और तेज करते हुए कुल्लू जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मादक पदार्थों की तस्करी में बार-बार संलिप्त रहने वाले एक आदतन आरोपी को पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध व्यापार की रोकथाम अधिनियम (PIT-NDPS) के तहत हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है। यह कदम जिले में नशे के अवैध कारोबार पर सख्ती से लगाम लगाने के उद्देश्य से उठाया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हिरासत में लिया गया आरोपी 36 वर्षीय खेम राज पुत्र स्वर्गीय गोपी राम, गांव शाढ़ाबाई, डाकघर बजौरा, तहसील भुंतर, जिला कुल्लू का निवासी है। आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन मामले दर्ज हैं, जिनमें उसके कब्जे से हैरोइन (चिट्टा) जैसे घातक नशीले पदार्थ की बरामदगी हो चुकी है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी बार-बार गिरफ्तार होने और जमानत पर रिहा होने के बावजूद अपनी आपराधिक गतिविधियों से बाज नहीं आ रहा था। जमानत पर बाहर आने के बाद भी वह गुपचुप तरीके से नशे की तस्करी और अवैध कारोबार में सक्रिय रहा।
आरोपी की लगातार आपराधिक गतिविधियों और समाज पर पड़ रहे दुष्प्रभाव को देखते हुए कुल्लू पुलिस ने उसे गंभीर खतरा मानते हुए उसके खिलाफ निरोधात्मक हिरासत (Preventive Detention) का प्रस्ताव तैयार किया। सक्षम प्राधिकारी से अनुमति मिलने के बाद आरोपी को PIT-NDPS अधिनियम के तहत हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार में लिप्त आदतन अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि जिले में नशे के अवैध व्यापार को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा।
#KulluNews #HimachalCrime #DrugFreeHimachal #NDPS #PITNDPS #DrugTrafficking #PoliceAction #UTHimachal
