चंडीगढ़–मोहाली क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। इस हादसे में हिमाचल प्रदेश की युवती पल्लवी ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिसके बाद चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, जिला कांगड़ा के तहत आते नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के गांव सद्दूं की बेटी पल्लवी ठाकुर चंडीगढ़ के एक निजी अस्पताल में नौकरी करती थीं। घटना के समय पल्लवी अस्पताल से अपना काम निपटाकर बाइक पर सवार होकर वापस लौट रही थीं।
इसी दौरान मोहाली के लांडरां रोड पर पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पल्लवी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं और काफी देर तक तड़पती रहीं। स्थानीय लोगों के अनुसार, समय पर उचित मदद न मिलने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना से गांव सद्दूं सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी व कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
#UTHimachal #HimachalNews #KangraNews #NagrotaBagwan #ChandigarhAccident #MohaliNews #JusticeForPallavi #BreakingNews
