सरकारी जमीन के रिकॉर्ड से कथित छेड़छाड़ पड़ी महंगी, पूर्व तहसीलदार और पटवारी समेत 6 लोगों पर FIR दर्ज
बिलासपुर/झंडूता: सरकारी जमीन पर कथित अवैध कब्जे और राजस्व रिकॉर्ड से कथित छेड़छाड़ के मामले में झंडूता पुलिस ने पूर्व तहसीलदार, पटवारी समेत छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी झंडूता के आदेशों के बाद की गई है। पुलिस ने FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता के आरोपों के अनुसार, आरोपियों में झंडूता पटवार हलके का एक नंबरदार भी शामिल है। मामले में तत्कालीन तहसीलदार और रिकॉर्ड कीपर पर भी कथित मिलीभगत के आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि तहसील कार्यालय की मूल मिसल/फाइल नंबर 31/13 को गायब या नष्ट करवाया गया।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता धनी राम निवासी गांव खेड़ी ने बताया कि उनके दिवंगत भाई ने 9 सितंबर 2008 को उपायुक्त बिलासपुर को शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि गांव खेड़ी में खसरा नंबर 146/98 की करीब 1 बीघा 10 बिस्वा सरकारी भूमि पर कुछ लोगों ने कथित रूप से अवैध कब्जा कर रखा है।
शिकायत के बाद पटवारी और कानूनगो द्वारा मौके पर जांच किए जाने तथा कथित अतिक्रमण को चिन्हित करने की बात सामने आई। इसके बाद कथित अतिक्रमणकारियों को बेदखल करने की कार्रवाई के लिए मिसल यानी फाइल नंबर 31/13 तैयार की गई थी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि वर्ष 2019 में दोबारा उपायुक्त के समक्ष मामला उठाने के बाद तत्कालीन पटवारी की मदद से नई मिसल नंबर 19/21 तैयार की गई। आरोप है कि इसमें कथित रूप से कुछ लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए 1 बीघा 10 बिस्वा अतिक्रमण को घटाकर केवल 10 बिस्वा दर्शाया गया, जबकि शिकायतकर्ता का दावा है कि मौके पर अवैध कब्जा 2 बीघा से अधिक है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि अधिकारियों और पुलिस के समक्ष शिकायतें देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। बताया जा रहा है कि 31 अगस्त को झंडूता अदालत ने पुलिस को FIR दर्ज करने के निर्देश दिए, जिसके बाद छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
पूर्व तहसीलदार और पटवारी समेत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद राजस्व विभाग और प्रशासनिक हलकों में भी इस कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज है। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े राजस्व रिकॉर्ड, मूल दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
#UTHimachal #UniqueTodayNews #Bilaspur #Jhandutta #HimachalNews #GovernmentLand #FIR #RevenueRecord #HimachalPradesh
नोट:हम आपको आपके आसपास की ताज़ा, सटीक और विश्वसनीय खबरों से अवगत कराते हैं। यदि आपके पास भी अपने क्षेत्र से जुड़ी कोई महत्वपूर्ण खबर है और आपको लगता है कि वह मीडिया में आनी चाहिए, तो आप हमें अवश्य भेजें। आप ईमेल या फेसबुक के माध्यम से हमें अपनी न्यूज़ भेज सकते हैं। आपकी भेजी गई खबर आपके नाम से प्रकाशित की जाएगी
