हिमाचल पुलिस ऑर्केस्ट्रा की दो महिला कांस्टेबलों ने लगाए मानसिक प्रताड़ना और मानहानि के आरोप, शिकायत पर प्रारंभिक जांच शुरू
शिमला, 31 जुलाई। हिमाचल पुलिस ऑर्केस्ट्रा की दो महिला कांस्टेबलों ने कार्यस्थल पर मानसिक उत्पीड़न, मानहानि, आपराधिक धमकी और साजिश के आरोप लगाते हुए संयुक्त शिकायत दर्ज करवाई है। महिला पुलिस थाना में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 173(3) के तहत प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, 29 जुलाई को शिमला में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान वर्ष 2019-20 में हुई उनकी भर्ती प्रक्रिया को लेकर कथित तौर पर झूठे आरोप लगाए गए। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि उनकी नियुक्ति को एक पुलिस अधिकारी से जोड़कर उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया। साथ ही, एक महिला कांस्टेबल के शारीरिक स्वरूप को लेकर सार्वजनिक टिप्पणी किए जाने से उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाने का भी आरोप लगाया गया है।
महिला कांस्टेबलों का कहना है कि एक अन्य अधिकारी के निलंबन के बाद से ऑर्केस्ट्रा के सदस्यों पर अनुचित दबाव बनाया जा रहा है, जिसके चलते कार्य और संगीत अभ्यास का माहौल भयपूर्ण हो गया है।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, वे पूर्व में राष्ट्रीय टीवी शो, अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों और हिमाचल प्रदेश के प्रमुख आयोजनों में हिमाचल पुलिस का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपों की जांच जारी है।
#UTHimachal #UniqueTodayNews #HimachalPolice #ShimlaNews #PoliceOrchestra #WomenConstables #PoliceNews #HimachalPradesh
नोट:हम आपको आपके आसपास की ताज़ा, सटीक और विश्वसनीय खबरों से अवगत कराते हैं। यदि आपके पास भी अपने क्षेत्र से जुड़ी कोई महत्वपूर्ण खबर है और आपको लगता है कि वह मीडिया में आनी चाहिए, तो आप हमें अवश्य भेजें। आप ईमेल या फेसबुक के माध्यम से हमें अपनी न्यूज़ भेज सकते हैं। आपकी भेजी गई खबर आपके नाम से प्रकाशित की जाएगी
