11 ग्राम चिट्टा मामले में चौथी गिरफ्तारी, चंडीगढ़ का मुख्य सप्लायर पुलिस रिमांड पर
जिला शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 11 ग्राम चिट्टा बरामदगी मामले में एक और बड़ी सफलता हासिल की गई है। पुलिस ने मामले में चौथे आरोपी और मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 28 वर्षीय बॉबी पुत्र जय कंवर निवासी फेस-1, राम दरबार इंडस्ट्रियल एरिया, चंडीगढ़ के रूप में हुई है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
गौरतलब है कि 13 मई 2026 को स्पैशल सैल शिमला की टीम ने विश्वसनीय सूचना के आधार पर भट्टाकुफ्फर क्षेत्र में एक वाहन से करीब 11 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया था। इस कार्रवाई के दौरान निखिल ठाकुर निवासी चौड़ा मैदान और सुलभ थापा निवासी टुटीकण्डी को गिरफ्तार किया गया था। मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने मामले के बैकवर्ड लिंक तलाशने शुरू किए और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर चंडीगढ़ निवासी आकाश पुत्र जय कंवर को भी गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में आरोपी आकाश और निखिल ठाकुर के बीच वित्तीय लेन-देन के साक्ष्य मिले, जिससे नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग सामने आए।
आगे की जांच में पुलिस ने सप्लाई चेन को खंगालते हुए एक अन्य मुख्य सप्लायर बॉबी तक पहुंच बनाई। जांच में बॉबी और निखिल ठाकुर के बीच साझा नशा तस्करी तथा पैसों के लेन-देन के सबूत मिले हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था, लेकिन लगातार निगरानी, तकनीकी विश्लेषण और विशेष प्रयासों के बाद उसे 4 जून 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस का मानना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है। मामले में अब तक कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और पुलिस सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
जिला शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों और अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा युवाओं को नशे के जाल से बचाने के लिए सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रखी जाएगी।
#Shimla #Bhattakufar #ChittaCase #HeroinSeized #DrugNetwork #NDPSAct #ShimlaPolice #DrugFreeHimachal #UniqueTodayNews #UTHimachal #शिमला #चिट्टा_मामला #हेरोइन_बरामद #नशा_तस्करी #एनडीपीएस_एक्ट #हिमाचल_पुलिस #ड्रग_नेटवर्क #यूनिकटुडेन्यूज़ #नेट_चैट #UTHimachal
नोट:हम आपको आपके आसपास की ताज़ा, सटीक और विश्वसनीय खबरों से अवगत कराते हैं। यदि आपके पास भी अपने क्षेत्र से जुड़ी कोई महत्वपूर्ण खबर है और आपको लगता है कि वह मीडिया में आनी चाहिए, तो आप हमें अवश्य भेजें। आप ईमेल या फेसबुक के माध्यम से हमें अपनी न्यूज़ भेज सकते हैं। आपकी भेजी गई खबर आपके नाम से प्रकाशित की जाएगी

0 Comments