1 किलो 210 ग्राम चरस मामले में चौथी गिरफ्तारी, नूरपुर पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज खंगालकर एक और आरोपी दबोचा
नूरपुर से विनय महाजन: पुलिस जिला नूरपुर द्वारा नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की गई है। थाना रेहन में दर्ज एफआईआर संख्या 41/26, दिनांक 13 अप्रैल 2026, अंतर्गत धारा 20, 25 और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज 1 किलो 210 ग्राम चरस बरामदगी मामले में पुलिस ने गहन जांच के दौरान चौथी गिरफ्तारी करते हुए नशा तस्करी नेटवर्क की एक और कड़ी को उजागर किया है।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच केवल बरामदगी और मौके पर गिरफ्तार आरोपियों तक सीमित नहीं रखी गई, बल्कि नशे के पूरे नेटवर्क को बेनकाब करने के उद्देश्य से बैकवर्ड लिंकेज और सप्लाई चेन की गहन पड़ताल की गई। इसी क्रम में तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल डाटा विश्लेषण, मानवीय सूचना और विभिन्न कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस ने संजय कुमार पुत्र शेर सिंह, निवासी गांव कुंडल, तहसील सलूणी, जिला चंबा, उम्र 24 वर्ष को गिरफ्तार किया है।
गौरतलब है कि 13 अप्रैल 2026 को इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रोबिन और यूसुफ, दोनों निवासी जिला चंबा, को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से 1 किलो 210 ग्राम चरस बरामद हुई थी। इतनी बड़ी मात्रा में चरस की बरामदगी के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जड़ों तक पहुंचने का फैसला किया। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश शुरू की और बैकवर्ड लिंकेज पर काम करते हुए तीसरी गिरफ्तारी शुक्रदीन निवासी जिला चंबा की की थी।
इसके बाद भी पुलिस की जांच लगातार जारी रही। जांच अधिकारियों ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं को आधार बनाकर मामले की कड़ियों को जोड़ना जारी रखा, जिसके परिणामस्वरूप अब संजय कुमार को चौथे आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी से नशा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण सुराग भी सामने आ सकते हैं।
पुलिस जिला नूरपुर ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और केवल वाहक ही नहीं बल्कि सप्लाई चेन में शामिल प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचने के लिए जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। मामले में गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चरस की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन क्षेत्रों में पहुंचाया जाना था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियानों को आगे भी लगातार जारी रखा जाएगा। वहीं क्षेत्र के लोगों से भी अपील की गई है कि यदि उनके पास नशा तस्करी से संबंधित कोई सूचना हो तो उसे पुलिस के साथ साझा करें, ताकि ऐसे तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
#UniqueTodayNews #UTHimachal #Nurpur #Chamba #CharasSeizure #DrugTrafficking #HimachalPradesh #CrimeNews #HimachalPolice #BreakingNews #नूरपुर #चंबा #चरस #नशातस्करी #हिमाचलप्रदेश #यूनिकटुडेन्यूज #UTHimachal

0 Comments