हमीरपुर जिला में बिचौले को दिए 1.5 लाख, 5 दिन बाद दुल्हन लापता, परिवार को 5 लाख की चपत

 



हमीरपुर जिला के ब्राह्लड़ी पंचायत के डुढाणा गांव में शादी के 5 दिन बाद दुल्हन लापता, परिवार को 5 लाख से अधिक की चपत

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला में शादी के नाम पर कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। ब्राह्लड़ी ग्राम पंचायत के डुढाणा गांव निवासी एक युवक ने आरोप लगाया है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद दुल्हन लापता हो गई और बिचौलिए द्वारा ली गई रकम भी वापस नहीं की गई। पीड़ित परिवार ने मामले में पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अगस्त 2025 में डुढाणा निवासी संजय कुमार की शादी पंजाब के लुधियाना जिले के माछीवाड़ा क्षेत्र में एक बिचौलिए के माध्यम से तय हुई थी। परिवार का आरोप है कि इस संबंध के लिए बिचौलिए को लगभग 1.5 लाख रुपये दिए गए। शादी के बाद दुल्हन करीब 5 दिन तक ससुराल में रही। छठे दिन वह किसी बहाने से घर से निकली और फिर वापस नहीं लौटी।








पीड़ित परिवार का दावा है कि जब उन्होंने बिचौलिए से संपर्क किया तो उसने पैसे लौटाने के बजाय दूसरी लड़की से शादी करवाने का प्रस्ताव दिया। परिवार ने इस प्रस्ताव को ठुकराते हुए अपनी राशि वापस करने की मांग की।

संजय कुमार और उनकी माता निर्मला देवी के अनुसार, बिचौलिए को दी गई रकम, शादी समारोह पर हुआ खर्च और बाद में न्याय के प्रयासों में लगे खर्च को मिलाकर अब तक 5 लाख रुपये से अधिक की आर्थिक क्षति हो चुकी है। उनका कहना है कि वे 6 बार माछीवाड़ा जा चुके हैं, जिस पर करीब 60 हजार रुपये अतिरिक्त खर्च हुए, लेकिन ठोस समाधान नहीं मिला।

परिवार का कहना है कि अब उन्हें दुल्हन की वापसी नहीं, बल्कि अपनी मेहनत की कमाई और न्याय चाहिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मामले में मानवाधिकार महिला विंग की महासचिव पूनम देवी ने भी हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह केवल पारिवारिक विवाद नहीं, बल्कि संगठित मैरिज फ्रॉड का मामला हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जाए, ताकि यदि कोई गिरोह सक्रिय है तो उसका पर्दाफाश हो सके।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिकायत प्राप्त होने के बाद तथ्यों की जांच की जा रही है। संबंधित पक्षों से पूछताछ और दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

यह मामला एक बार फिर ऐसे विवाह संबंधों में सावधानी बरतने की आवश्यकता को रेखांकित करता है, जहां बिचौलियों के माध्यम से दूर-दराज क्षेत्रों में रिश्ते तय किए जाते हैं। फिलहाल पीड़ित परिवार प्रशासन से त्वरित न्याय और आर्थिक राहत की उम्मीद लगाए बैठा है।

#Hamirpur #HimachalPradesh #MarriageFraud #Brahlarhi #PoliceInvestigation #UTHimachal






नोट:हम आपको आपके आसपास की ताज़ा, सटीक और विश्वसनीय खबरों से अवगत कराते हैं। यदि आपके पास भी अपने क्षेत्र से जुड़ी कोई महत्वपूर्ण खबर है और आपको लगता है कि वह मीडिया में आनी चाहिए, तो आप हमें अवश्य भेजें। आप ईमेल या फेसबुक के माध्यम से हमें अपनी न्यूज़ भेज सकते हैं। आपकी भेजी गई खबर आपके नाम से प्रकाशित की जाएगी

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form