मंडी सड़क हादसा: नए साल का जश्न पड़ा भारी, खाई में गिरी कार, पांच दोस्त घायल
मंडी।
हिमाचल प्रदेश में नए साल के जश्न के बीच सड़क हादसों की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। कुल्लू जिले में हुए दर्दनाक हादसे के बाद अब मंडी जिले के सराज क्षेत्र से भी एक गंभीर सड़क दुर्घटना सामने आई है। यहां नए साल का जश्न मनाने निकले पांच दोस्तों की कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे सभी युवक-युवतियां घायल हो गए। इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार यह हादसा बुधवार दोपहर करीब 12 बजे सराज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कांडा के पास नौणी मोड़ पर हुआ। एचपी-33ई-1463 नंबर की नैनो कार जैसे ही खतरनाक मोड़ पर पहुंची, चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया और कार सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
कार में सवार सभी पांच दोस्त नए साल का जश्न मनाने के लिए सराज क्षेत्र स्थित मनरेगा पार्क की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि रास्ता संकरा और मोड़दार होने के कारण वाहन संतुलन बिगड़ गया। हादसे को देख आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। इसके बाद पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई।
इस दुर्घटना में घायल युवाओं की पहचान 19 वर्षीय चालक तरुण, 18 वर्षीय आर्यन राणा, 18 वर्षीय हिमांशु, 17 वर्षीय यशिका और 15 वर्षीय सिमरन के रूप में हुई है। घायलों में दो लड़कियां भी शामिल हैं। सभी घायल नेरचौक और आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर नागरिक अस्पताल बगस्याड पहुंचाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।
हालांकि हादसे के बाद एंबुलेंस व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल उठे। जब तीन गंभीर रूप से घायल युवाओं को बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की आवश्यकता पड़ी, तो मौके पर केवल एक ही एंबुलेंस उपलब्ध थी। इसके बाद जंजैहली और गोहर से अतिरिक्त एंबुलेंस मंगवानी पड़ी, जिन्हें घटनास्थल तक पहुंचने में करीब एक घंटे का समय लग गया। इस देरी से स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले कुल्लू जिले में भी नए साल की रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई थी, जिसमें पार्टी से लौट रहे युवाओं की कार हादसे का शिकार हो गई थी। उस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई थी, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हुई थी। लगातार हो रहे इन हादसों से प्रदेश में शोक का माहौल बना हुआ है।
मंडी हादसे के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और सड़क पर खतरनाक मोड़ को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। नए साल की शुरुआत में हुए इन हादसों ने यह संदेश दिया है कि जश्न के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है।
#MandiRoadAccident #MandiNews #HimachalRoadAccident #CarFellIntoGorge #SerajArea #NewYearTragedy #BreakingNewsHindi #HimachalNews #RoadSafety #PublicSafety
