औहर पंचायत में नशे के खिलाफ जनजागरण तेज, महिलाओं के बाद अब पुरुषों ने भी संभाला मोर्चा
बिलासपुर।
बिलासपुर जिले की औहर पंचायत में चिट्टे जैसे घातक नशे के खिलाफ पंचायत स्तर पर चलाई जा रही जागरूकता मुहिम लगातार मजबूती पकड़ती जा रही है। पंचायत प्रधान प्रेमलता ठाकुर के नेतृत्व में यह अभियान लगातार पांचवें दिन भी जारी रहा, जिसमें अब महिलाओं के साथ-साथ पंचायत के पुरुषों की सक्रिय भागीदारी भी देखने को मिल रही है।
पंचायत प्रधान प्रेमलता ठाकुर ने बताया कि नशे के खिलाफ चल रही यह मुहिम किसी एक दिन या तय समय तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे लगातार जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि शुरुआत में महिलाओं ने आगे बढ़कर इस अभियान की कमान संभाली, लेकिन अब पंचायत के पुरुष भी इस सामाजिक जिम्मेदारी को समझते हुए अभियान से जुड़ रहे हैं।
प्रधान प्रेमलता ठाकुर के अनुसार चिट्टा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। ऐसे में यदि पंचायत स्तर पर महिलाएं, युवा और पुरुष एकजुट होकर जागरूकता फैलाएं, तो इस नशे पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि नशे के खिलाफ इस अभियान में पुलिस की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। यदि पुलिस पंचायतों में जाकर सीधे ग्रामीणों से संवाद करे और नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता फैलाए, तो इसका सकारात्मक असर ज़मीनी स्तर पर दिखाई देगा।
लोगों के अनुसार समाज, पंचायत और पुलिस के संयुक्त प्रयासों से ही चिट्टे जैसे घातक नशे पर प्रभावी रोक संभव है। औहर पंचायत में चल रही मुहिम को वे एक सकारात्मक उदाहरण मानते हैं, जिसे अन्य पंचायतों में भी अपनाया जाना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ी को नशे से दूर और सुरक्षित भविष्य मिल सके।
#UTHimachal #HimachalNews #Bilaspur #AuharPanchayat #DrugFreeHimachal #NashaMukti #AntiDrugCampaign
