परवाणू।
परवाणू पुलिस थाना में गठित पी.ओ. (प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर) सैल की टीम ने भगोड़े अपराधियों की तलाश के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सात साल पुराने एक गंभीर आपराधिक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे घोषित भगोड़े आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी दिनांक 25 दिसंबर 2025 को पिंजौर–कालका क्षेत्र, हरियाणा से की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुखजिंदर सिंह उर्फ़ मोंटू (उम्र 47 वर्ष), पुत्र श्री गुरचरण सिंह, निवासी रतपुर कॉलोनी, पिंजौर, तहसील कालका, जिला पंचकुला (हरियाणा) के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना परवाणू में अभियोग संख्या 136/2025 दिनांक 25 दिसंबर 2025 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 209 व 269 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह मामला वर्ष 2018 से जुड़ा हुआ है। दिनांक 13 जून 2018 को परवाणू निवासी प्रमोद शर्मा ने पुलिस थाना परवाणू में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया था कि जब वह अपने साथियों के साथ बोलेरो वाहन में सैक्टर-4 से परवाणू की ओर जा रहे थे, तो कसौली रोड चौक के समीप कुछ लोगों ने डंडों, तलवारों और पत्थरों से लैस होकर उनका रास्ता रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर सामूहिक रूप से उनके साथ मारपीट की।
इस हमले में शिकायतकर्ता और उसके साथ मौजूद लोगों को गंभीर चोटें आई थीं, जबकि उनकी गाड़ियों को भी भारी नुकसान पहुंचाया गया था। इस घटना को गंभीर मानते हुए पुलिस थाना परवाणू में अभियोग संख्या 86/2018 दिनांक 13 जून 2018 को भारतीय दंड संहिता की धारा 147, 148, 149, 341, 323, 336, 506 और 427 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने कुल 9 आरोपियों को मामले में नामजद किया और उन्हें धारा 41(1) दंड प्रक्रिया संहिता के तहत नोटिस देकर पाबंद किया गया। इसके पश्चात पुलिस द्वारा आरोप-पत्र माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। हालांकि, ट्रायल के दौरान आरोपी सुखजिंदर सिंह उर्फ़ मोंटू लगातार न्यायालय में पेश नहीं हुआ।
बार-बार समन और आदेश जारी होने के बावजूद आरोपी की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए माननीय न्यायालय ने दिनांक 27 सितंबर 2025 को उसे भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया था। इसके बाद से परवाणू पुलिस की पी.ओ. सैल आरोपी की लगातार तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार अपने ठिकाने बदल रहा था, लेकिन पुलिस की सतत निगरानी और तकनीकी जांच के चलते आखिरकार उसे हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को दिनांक 26 दिसंबर 2025 को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।
#Parwanoo
#Solan
#PoliceAction
#POCell
#AbscondingAccused
#CrimeNews
#HimachalPolice
#LawAndOrder
#HimachalNews
#UniqueTodayNews
#UTHimachal
