नूरपुर पुलिस की नशा माफिया के खिलाफ बड़ी कामयाबी, 1.852 किलोग्राम चरस बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार

 





नूरपुर पुलिस जिला द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की गई है। पुलिस थाना डमटाल की टीम ने गश्त के दौरान 1.852 किलोग्राम चरस बरामद करते हुए नशा तस्करी में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई दिनांक 28 दिसंबर 2025 को पुलिस थाना डमटाल के अंतर्गत मुकाम तौकी क्षेत्र में की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डमटाल पुलिस की टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को कुछ व्यक्तियों की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए तीनों व्यक्तियों को रोका और नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 1.852 किलोग्राम चरस बरामद की गई, जिसे मौके पर ही कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू उर्फ नीटू पुत्र बहादर चंद निवासी मोहल्ला सैली गुलियां, नजदीक रविदास मंदिर, डाकघर सैली गुलियां, तहसील व जिला पठानकोट (पंजाब), मुकेश कुमार उर्फ रिंकू पुत्र सत्तपाल निवासी गांव लमीणी, डाकघर मिशन रोड, तहसील व जिला पठानकोट (पंजाब) तथा बलविंद्र उर्फ बिल्ला पुत्र ज्ञान चंद निवासी गांव व डाकघर छन्नी, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस ने उपरोक्त तीनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना डमटाल में अभियोग अधीन धारा 20, 29, 61 और 85 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले में आगामी जांच एवं कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

पुलिस जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद की गई चरस कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क के तार अंतरराज्यीय स्तर तक फैले हो सकते हैं।

नूरपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही आम जनता से भी अपील की गई है कि नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी प्रकार की जानकारी पुलिस को तुरंत दें, ताकि समाज को नशे की बुराई से बचाया जा सके।

नूरपुर पुलिस की इस कार्रवाई को नशा माफिया के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।


#NoorpurPolice

#DrugFreeHimachal

#CharasSeizure

#NDPSAct

#HimachalCrime

#PoliceAction

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form