कुल्लू–मंडी में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 1.950 किलोग्राम चरस बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
मंडी।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसटीएफ कुल्लू की टीम को रविवार को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मंडी के बिंद्रावणी फ्लाईओवर के नीचे नाकाबंदी के दौरान एसटीएफ ने एक व्यक्ति से 1.950 किलोग्राम चरस बरामद की है, जिससे नशा तस्करी के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
जानकारी के अनुसार एसटीएफ की टीम बिंद्रावणी फ्लाईओवर के नीचे वाहनों व संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान पंडोह की ओर से पैदल आ रहा एक व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर घबरा गया और वापस मुड़ने का प्रयास करने लगा। उसके संदिग्ध व्यवहार के चलते पुलिस को शक हुआ।
पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे रोका और पूछताछ के बाद उसके बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से भारी मात्रा में चरस बरामद की गई। पकड़े गए आरोपी की पहचान नरेंद्र कुमार (34) पुत्र दुर्गा चंद, निवासी नलवागी, डाकघर थाची, तहसील बालीचौकी, जिला मंडी के रूप में हुई है।
एसटीएफ के डीएसपी हेमराज वर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना सदर मंडी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
#Mandi #Kullu #Bindravani #STFHimachal #HimachalPolice #DrugFreeHimachal #NDPSAct #CrimeNews #UT_Himachal

