मोबाइल से कार्टून छुड़ाना पड़ा भारी, नाराज़ सात साल की बच्ची घर से भागी, 4 घंटे में पुलिस ने 5 KM दूर से ढूंढ निकाला



मोबाइल फोन का बच्चों पर बढ़ता असर एक बार फिर सामने आया है। हमीरपुर जिला के भोरंज थाना क्षेत्र में मोबाइल पर कार्टून देखने से मना करने पर सात साल की बच्ची इतनी आहत हो गई कि वह घर से ही भाग गई। हालांकि समय रहते भोरंज पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सीसीटीवी कैमरों की मदद से बच्ची को मात्र चार घंटे के भीतर सकुशल ढूंढ निकाला और परिजनों के हवाले कर दिया।

मामला भोरंज थाना क्षेत्र के एक गांव का है, जहां उत्तर प्रदेश का एक परिवार किराये के मकान में रह रहा है। बच्ची का पिता मिस्त्री का काम करता है। जानकारी के अनुसार घटना वाले दिन सुबह करीब सात बजे बच्ची का पिता लकड़ी लाने के लिए घर से बाहर गया हुआ था। घर पर उसकी पत्नी और तीन बच्चे मौजूद थे। महिला रसोई में खाना बना रही थी, जबकि बच्ची मोबाइल फोन पर कार्टून देख रही थी।

महिला ने बच्ची को फोन छोड़कर खाना खाने के लिए बुलाया, लेकिन बच्ची ने अनसुना कर दिया। इसके बाद मां ने थोड़े सख्त लहजे में दोबारा बुलाया, जिससे बच्ची नाराज हो गई। मां अपने काम में व्यस्त हो गई और इसी दौरान बच्ची चुपचाप घर से बाहर निकल गई।

कुछ समय बाद जब बच्ची घर में नहीं मिली तो परिजनों के हाथ-पांव फूल गए। आसपास तलाश करने के बाद भी बच्ची का कोई सुराग नहीं लगा। घबराए परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना थाना भोरंज को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी।

भोरंज पुलिस की टीम ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज के आधार पर बच्ची की गतिविधियों का पता लगाया गया। पुलिस को जानकारी मिली कि बच्ची पैदल ही गांव से बाहर की ओर जाती दिखाई दी है। लगातार तलाश के बाद पुलिस ने पूर्वाह्न करीब 11 बजे बच्ची को लापता स्थल से लगभग पांच किलोमीटर दूर से सकुशल बरामद कर लिया।

बताया जा रहा है कि बच्ची अकेले पैदल चलते हुए काफी दूर तक पहुंच गई थी। पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित थाना लाया और उसके बाद परिजनों को सौंप दिया। बच्ची के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया।

एसपी हमीरपुर बलवीर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बच्ची को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षित ढूंढ निकाला है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों पर नजर रखें और मोबाइल के अत्यधिक उपयोग को लेकर उनसे संवाद बनाए रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।



#Bhoranj

#HamirpurPolice

#HimachalPolice

#MissingChild

#ChildSafety

#MobileAddiction

#HimachalPradesh

#BreakingNews


Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form